अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सेनेटरी पैड पर लगाए गए टैक्स के विरोध में शहर की बेटियां भी आ गईं हैं। एसएफआई छात्र संगठन के नेतृत्व छात्राओं ने वित्तमंत्री के नाम पोस्ट कार्ड लिखकर भेजे। मांग करते हुए कहा कि सेनेटरी पैड पर लगाए गए टैक्स को हटाया जाए।
एसएफआई की जिला प्रधान गीता ने कहा कि सरकार एक तरफ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है और दूसरी तरफ सेनेटरी पैड पर टैक्स लगाया गया है। टैक्स लगने से सेनेटरी पैड और महंगा हो गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियां इसका इस्तेमाल भी नहीं कर सकतीं। महिलाओं के शृंगार के समान पर लगाए गए टैक्स को भी हटाया जाए।
स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी आदि में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई जानी चाहिए। इस मौके पर मीनाक्षी, मोनिका, नीलम, हनी, रिया, दीपिका, अनीता, पूजा, स्वाति और नेहा मौजूद रहे।