मोहर लगे 150 कट्टे सरकारी गेहूं जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर थाना पुलिस ने शक के आधार पर नाईवाली चौक के समीप सरकारी मोहर लगी गेहूं के कट्टों से लदी एक पिकअप गाड़ी को कब्जे में लिया है। पुलिस को देख चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गया। गाड़ी से करीब 150 गेहूं के कट्टे बरामद किए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
शहर थाना के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्तचर विभाग से सूचना मिली कि एक पिकअप गाड़ी में सरकारी मोहर लगी गेहूं के कट्टे लदे हुए हैं। नाईवाली चौक के समीप पुलिस ने गाड़ी को रुकवाना चाहा, लेकिन गाड़ी चालक पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
गेट पास नहीं होना घालमेल की तरफ इशारा
नियमानुसार खाद्य एवं पूर्ति विभाग डिपो धारकों के पास भेजे जाने वाला राशन कान्फेड की तरफ से सप्लाई किया जाता है। बुधवार को कान्फेड गोदाम से निकलने वाली पिकअप के पास गेट पास भी नहीं था। यहीं से घालमेल की आशंका लग रही है। हालांकि पुलिस ने कान्फेड गोदाम को ताला लगाकर सारा रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। शाम आठ बजे तक पुलिस रिकार्ड खंगालने में लगी हुई थी।
नाई वाली चौक से 150 कट्टे सरकारी गेहूं से भरी पिकअप को जब्त किया गया है। कान्फेड डिपो को ताला लगाकर सारा रिकॉर्ड जब्त कर जांच की जा रही है। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 21 जून को किसी गाड़ी के कान्फेड गोदाम को गेट पास नहीं जारी किया गया। मामला संदिग्ध लग रहा है। - देवेंद्र यादव, एसआई, थाना शहर