निगम हाउस बैठक में बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया।
तीन घंटे चली बैठक में खजाना खाली होने के बावजूद शहर सरकार ने 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रोजेक्ट तो पास कर दिए, लेकिन फोकस बुढ़ापा पेंशन पर ही रहा।
पार्षद आपस में उलझते उलझते समाज कल्याण अधिकारी से भी उलझ गए।
आखिर में निगमायुक्त डी. के. बेहेरा ने तय किया कि निगम क्षेत्र के बुजुर्गों को पेंशन आईडी खातों से लिंक करवाने के लिए बैंकों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
संबंधित अधिकारियों की एक टीम आपके इलाके में आकर पेंशन आईडी को बैंक खाते से अपलोड करेगी। इस टीम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, संबंधित पार्षद, क्षेत्र के बैंक मैनेजर और डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल होंगे। एजेंडे में शामिल सभी 45 प्रस्तावों को पास कर दिया गया।
जिनके पति पर एफआईआर, वे ही रही मीटिंग से नदारद
हाउस मीटिंग में वार्ड 14 की पार्षद नीरा भटनागर को छोड़कर मेयर सहित सभी पार्षद मौजूद रहे। बता दें कि बुजुर्गों के साथ जाम लगाने पर उनके पति और पूर्व पार्षद नरोत्तामल भटनागर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी एफआईआर की आड़ में कांग्रेसी पार्षदों ने पिछली मीटिंग का बहिष्कार कर दिया था।
सफाई कर्मचारियों की बढ़ेगी संख्या
डीसी बेहेरा ने कहा कि शहर में सफाई कर्मचारियों के बढ़ाए जाने की जरूरत है। अच्छी व्यवस्था के लिए क्षेत्रवार एजेंसी लगाकर सफाई करवानी चाहिए। सफाई कर्मचारियों को बीमा सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना पर भी काम किया जाए।
इन प्रस्तावों को मिली सहमति
- नगर निगम का भवन मैना टूरिज्म कांप्लेक्स के निकट बनाने पर सहमति।
- बोहर गांव की नई रोड पर नया कामर्शियल कांप्लेक्स।
- निगम के अंतर्गत 8 गांवों के संपूर्ण विकास पर सहमति।
- निगम की करीब 132 एकड़ भूमि को सिटी फोरेस्ट के रूप में विकसित करने पर सहमति।
- पार्कों के सौंदर्यीकरण के लिए पानी, पेड़, बैठने के स्थान, पार्किंग व लाइटें लगाने की योजना।
- निगम क्षेत्र के अंतर्गत 46 अनियमित कॉलोनियाें के सर्वे, रिपोर्ट के बाद कॉलोनियों को निर्धारित नियमों के तहत नियमित करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
- वार्ड 4 की शामलात भूमि पर संत कबीर पार्क ।
- पौधों के लिए निगम को मिलेंगे 500 ट्री गार्ड।
- झुग्गी झोपड़ी क्षेत्रों में सोलर लाइटें लगवाने और देखरेख का जिम्मा एजेंसी को देने की योजना।
- हर वार्ड में होने वाला खर्च निगम की वेबसाइट पर देखा जा सकेगा।
- राजीव गांधी आवास योजना के तहत एक सितंबर तक दिए जाएंगे शेष 444 लोगों को आवास।
- वार्ड 13 में कम्यूनिटी सेंटर के निर्माण की योजना।
- बाजारों से अतिक्रमण हटाने पर सख्ती से अभियान चलाने पर सहमति।
- विभिन्न वार्डों में स्थित कम्यूनिटी सेंटरों को वार्ड समिति द्वारा देखरेख का टेंडर देने की योजना।
पार्षदों ने रखी ये मांगें
- पार्षदों को फ्लैट मिले।
- पार्षदों को टोल टैक्स में छूट हो।
- पार्षदों को स्वास्थ्य सुविधा मिले।
- हाउस की कार्रवाई को मौके पर लिखें, बाद में कुछ न जुड़े।
घंटाघर नहीं, विकास चाहिए
एजेंडे में अन्य विकास कार्यों की श्रृंखला में घंटाघर के निर्माण की योजना भी थी, लेकिन अधिकांश पार्षदों ने इस पर खर्च होने वाली राशि से विकास कार्य कराने पर जोर दिया। कहा, लोगों को घंटाघर नहीं विकास चाहिए।
वार्ड कमेटियां करेंगी कम्यूनिटी सेंटर और सफाई का प्रबंधन
मीटिंग में एटीपी के. के. वार्ष्णेय ने बताया कि सफाई सुनिश्चित करने के लिए पार्षद अपने वार्ड में समिति बनाकर सफाई का टेंडर ले सकता है। पूरी जिम्मेदारी समिति की होगी और इस समिति के चेयरमैन पार्षद होंगेे। साथ ही कम्यूनिटी सेंटर भी वार्ड कमेटियों के अंडर लिए जा सकते हैं।
अपनी ही पार्टी के विधायक पर भाजपा पार्षद की रार
बैठक में सबसे ज्यादा गूंज भाजपा पार्षद अजय जैन टाटू की सुनाई दी। उनके निशाने पर मेयर और विपक्षी तो रहे ही, जैन ने खुद की पार्टी के विधायक पर भी गुस्सा निकाल दिया। दरअसल एक अधिकारी ने बताया कि वार्ड 15 में 32 लाइटें लगवाई गई हैं। इस पर जैन ने कहा कि मेरे वार्ड में तो एक भी लाइट नहीं लगी है, अगर ऐसा होता तो मुुझे जरूर पता लगता। बताया गया कि कुछ लाइटें भाजपा विधायक मनीष ग्रोवर के कहने पर लगी हैं। इस पर हंगामा हो गया। जैन ने कहा कि उस इलाके का मैं जनप्रतिनिधि हूं। निगम जो भी विकास कार्य कराए वो विधायक के कहने पर नहीं, बल्कि पार्षद के संज्ञान में लाकर ही होना चाहिए। इस मुद्दे पर विपक्षी भी एकजुट हो गए और जैन के समर्थन में उतर आए।
अधिकारियों को चेताया मैं कपड़े फाड़ दूंगा
पार्षद जैन ने कहा कि ऐसे भी कई लोग हैं जो निगम से होने वाले काम के लिए भी विधायक के पास चले जाते हैं और अधिकारी विधायक के कहने पर काम कर देते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर अब ऐसा हुआ तो मैं कपड़े फाड़ दूंगा। विपक्षियों ने पूछा कि किसके कपड़े फाड़ दोगे? इस पर जैन ने कहा लोग सफाई, विकास, पेंशन, स्ट्रीट लाइट को लेकर मेरे कपड़े फाड़ रहे हैं, इससे तो अच्छा है कि मैं खुद ही अपने कपड़े फाड़ लूं।
मैंने अपने वार्ड के सारे बंदर गिन लिए, एक भी नहीं पकड़ा
शहर में बंदरों की बढ़ती संख्या और उन्हें पकड़ने के लिए नगर निगम ने 13 अप्रैल से अब तक 245 बंदर पकड़े हैं। निगम के एक अधिकारी ने बैठक में ये ब्यौरा दिया। इस पर वार्ड 12 के पार्षद गुलशन ईशपुनियानी बोले, मैने अपने वार्ड में एक बार भी बंदर पकड़ने वाली टीम नहीं देखी और न ही जाल। व्यंग्य की मुद्रा में उन्होंने कहा, मैंने अपने वार्ड के सारे बंदर गिन लिए, पहले जितने थे, अब भी उतने ही हैं।
मैं थारै जैसा नै ईब भी पाणी प्या दूं
पेंशन पर गरमागरम बहस के दौरान सबसे बुजुर्ग पार्षद जयकिशन की विपक्षी दल के एक पार्षद से तकरार हो गई। पेंशन पर कई पार्षद जोर-जोर के बोल रहे थे। इसी बीच जयकिशन की एक पार्षद से बहस हो गई और तल्ख तेवर दिखाते हुए बोले, मैं थारै जैसों नै तो ईब बी पाणी प्या दूं।