06jjrp13- बेरी। मंदिर परिसर में नोटों की गिनती करते कर्मचारी। संवाद
बेरी। माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्रों के दौरान भक्तों द्वारा अपने नेक कमाई से चढ़ाई गई दान राशि की गिनती का कार्य जारी है। गिनती के तीसरे दिन देर शाम तक मंदिर में रखे करीब डेढ़ दर्जन दान पात्रों में से 11 दान पात्रों की गिनती का कार्य हो चुका है। बाकी बचे दान पात्रों की गिनती कार्य संपन्न होने के बाद पता चलेगा कि इस बार मंदिर में कितना चढ़ावा आया है।
तीसरे दिन 4 दान पात्र खोले गए, जिसमें 11 लाख 49 हजार रुपये की राशि एकत्रित की गई। 3 अक्तूबर से प्रारंभ हुए नवरात्रों के नौ दिनों तक मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। अपनी मन्नतों को पूरा करने के साथ-साथ परंपरा का निर्वाह करते हुए नौ दिनों में लाखों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन करते हुए अपने परिवार की मंगलकामना की दुआ भी की। ऐसे में यहां पहुंचे भक्तों द्वारा धन रूपी श्रद्धा के जो भाव मंदिर में रखे दानपात्रों में डाले गए उनकी गिनती में करीब एक दर्जन पटवारी लगे हुए है। दानपात्रों की इन राशि को गिने जाने के दौरान पारदर्शिता बरते जाने के मद्देनजर सीसीटीवी की निगरानी में गिनती का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम तक चले इस कार्य को संपन्न करने के बाद टीम की ओर से उस कक्ष को सील कर दिया गया है और पुलिस गार्द की तैनाती भी उसके बाहर की गई है।
वर्जन
तीसरे दिन 4 दान पात्रों को खोला गया। इसमें 11 लाख 49 हजार रुपये एकत्रित हुए। दो दिनों में 11 दान पात्रों को खोला गया है। इसमें 31 लाख 45 हजार रुपये एकत्रित हुए है। बाकी बचे दान पात्रों की गिनती का कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा।
सुनील कुमार, सहायक वासल बाकी नवीस