संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। कोरियावास एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने के चक्कर में 10,61,736 रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित को पहले ग्रुप में जोड़ा इसके बाद झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस शिकायत में कोरियावास निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है। उसके पास दस जून को व्हाट्स एप पर कॉल आई जिसने अपना नाम नैना भाटिया बताया। उसने कहा कि आप ऑनलाइन ट्रेडिंग करके मुनाफा कमा सकते हैं। इसके बाद उसे एक ग्रुप में जोड़ दिया जिसमें लोग अपने ट्रेडिंग के मुनाफे के रुपयों की ट्रांजक्शन से संबंधित स्क्रीन शॉट भेजते थे।
उसे भी इन्वेस्टमेंट के नाम पर अलग-अगल बैंक अकाउंट नंबर पर पैसे भेजने के बारे में कहा गया। उसने भी रुपये ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर दिए। जब उसने रुपये निकालने की कोशिश की तो नहीं निकाले गए। नैना ने कहा कि सारा पैसा एक साथ ही 3 माह बाद निकाले जा सकेंगे।
इसके बाद तीन महीने बाद पैसे निकालने की कोशिश की तो नैना ने मुझसे कहा आपको कुल इन्वेस्टमेंट का 20 प्रतिशत लाभ कंपनी को देना पडे़गा उसके बाद निकाल कर सकते हो। फिर उसने 20 प्रतिशत भी उनको दे दिया। जिसके बाद उसने पैसे निकालने चाहे तो उसने 20 प्रतिशत जीएसटी भरने को कहा जिस पर उसे धोखाधड़ी होने का अंदेशा हुआ। पीड़ित ने बताया कि उसके साथ 10,61,736 रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।