रोहतक। न्यू अनाज मंडी में मंगलवार को 1055 क्विंटल बाजरे की आवक हुई। हैफेड की ओर से 835 क्विंटल बाजरे की खरीद भी की गई। मंडी में अब बाजरा भी आने लगा है। दो दिन पहले तक सिर्फ 400 क्विंटल बाजरा ही मंडी में पहुंचा था, लेकिन धान की खरीद न होने के कारण किसान अभी भी चिंतित है। मंगलवार को डीएमसी की बैठक भी हुई, जिसमें अभी तक अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।
मंगलवार को जिला मिलिंग कमेटी की हुई बैठक में धान की खरीद को लेकर फाइनल निर्णय इसलिए नहीं हो पाया क्योंकि बैंक गारंटी, जमानत राशि से संबंधित कागजात पूरे नहीं हो पाए हैं, जिसको लेकर जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी कर हैफेड व वेयर हाउस द्वारा धान की खरीद शुरू की जाएगी। पिछले वर्ष 2022 में धान की कुल आवक 7 हजार क्विंटल से अधिक थी, लेकिन इस वर्ष अनाज मंडी में अभी तक 665 क्विंटल धान ही पहुंच पाया है। यही हालत बाजरे की बनी हुई है। पिछले वर्ष बाजरे की कुल आवक साढ़े तीन हजार क्विंटल तक ही रही थी। इस वर्ष बाजरे की आवक अभी तक 1455 क्विंटल ही हो पाई है। हालांकि किसान अभी भी बाजरे को लेकर मंडी में पहुंच रहे है, लेकिन अभी तक पहुंचा बाजरा पिछले वर्ष की तुलना में बहुत कम है।
जल्द धान की खरीद नहीं हुई तो किसान करेंगे प्रदर्शन
आढ़ती डिंपल ने कहा कि विभाग द्वारा जल्द धान की खरीद नहीं की गई तो किसान मंडी में जोरदार प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। मंडी में पड़े 665 क्विंटल धान की देखभाल भी करनी पड़ती है। इसी के माध्यम से ही किसान अपनी मूलभूत सुविधाओं को पूरा करता है। अगर समय पर खरीद नहीं की गई तो खाते में आने वाली धनराशि भी समय पर नहीं हो पाएगी, जिससे परेशानी घटेगी नहीं और ज्यादा बढ़ेगी। धान की खरीद न होने से समय की बर्बादी भी हो रही है, फसल को लेकर आवारा पशुओं का भी डर रहता है।
मंडी में मंगलवार को 1055 क्विंटल बाजरे की खरीद की गई है। खरीद की प्रक्रिया आज भी जारी रहेगी। जल्द ही धान की खरीद भी की जाएगी। हरियाणा वेयर हाउस व हैफेड दोनों की ओर से इसकी खरीद की जानी है।
अनूप नैन, हैफेड, मैनेजर