नियम 134ए : दोपहर को जारी हुआ परीक्षा परिणाम, अलॉट नहीं हुए स्कूल
सुबह से दोपहर तक परिणाम का करना पड़ा इंतजार, ज्यादातर विद्यार्थी के हाथ लगी मायूसी
- सहकारिता मंत्री से मिलने पहुंचे अभिभावक, अंक प्रतिशतता कम नहीं होने से नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
नियम 134-ए के तहत निजी स्कूलों में नि:शुल्क के लिए हुई 15 अप्रैल को हुई लिखित परीक्षा का शिक्षा विभाग ने वीरवार को परिणाम जारी कर दिया। विभाग ने यह परिणाम 60 प्रशित से अधिक होने का दावा किया है। हालांकि परीक्षा देखने आए ज्यादातर विद्यार्थियों को सूची में अपना नाम नहीं मिलने पर मायूस लौटना पड़ा। विभाग ने विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट नहीं किए हैं। इसके लिए उन्हें दो दिन इंतजार करना होगा। शिक्षा विभाग सोमवार को स्कूल अलॉट करेगा। इसके बाद ही विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।
वीरवार को अपने बच्चों के दाखिले को लेकर परिणाम जानने अभिभावक सुबह ही खंड शिक्षा कार्यालय पहुंचना शुरू हो गए। यहां दोपहर 12 बजे बाद ही परिणाम सार्वजनिक किया गया। इस दौरान अभिभावकों व बच्चों को धूप में पसीने से तरबतर होना पड़ा। सूची में अपना नाम देख कर कुछ बच्चे खुशी से झूमते तो कुछ नाम नहीं मिलने पर उदास नजर आए। दाखिले की खातिर कुछ ने तो तीन से चार बार सूची में नाम तलाशा। इसके बावजूद नाम नहीं मिला तो उन्हें मायूस लौटना पड़ा। विभाग की ओर से जारी परिणाम को लेकर ज्यादातर विद्यार्थी नाराज नजर आए।
961 विद्यार्थी रोहतक में हुए पास
शिक्षा विभाग की ओर से नियम 134 ए के तहत जारी परीक्षा परिणाम महज 40 प्रतिशत रहा। जबकि विभाग का दावा 60 प्रतिशत से अधिक का है। परीक्षा में बैठेे 2348 विद्यार्थियों में से 961 विद्यार्थी ही पास हुए। विभाग ने अपने कक्षा अनुसार दर्शाए परिणाम में पास विद्यार्थियों का आंकड़ा 50 प्रतिशत से अधिक दर्शाया है। कुछ यही हाल अन्य खंडों का है।