आखिर राजनीतिक राजधानी कैसे बनेगी स्मार्ट सिटी ----
चालू नहीं हुए निगम के शौचालय, खुले में पेशाब करने को मजबूर राहगीर
: अधिकारी बोले, कुछ काम बचा, सोमवार तक हो जाएगा पूरा
: स्मार्ट सिटी के लिए दिसंबर माह में होना है सर्वे
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
प्रदेश की राजनीतिक राजधानी माने वाला रोहतक शहर कैसे स्मार्ट सिटी बनेगा, क्योंकि नगर निगम के 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चले स्वच्छता अभियान के दौरान बनाए गए कई सार्वजनिक शौचालय अभी तक चालू नहीं हो सके हैं। इस कारण लोग शौचालयों के बाहर की पेशाब करने को मजबूर हैं। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर का काम पूरा हो गया है। सोमवार तक चालू कर दिया जाएंगे।
केंद्र की मोदी सरकार स्वच्छता को काफी गंभीरता से ले रही हैं। हर माह करोड़ों रुपये शहर की सफाई व स्वच्छता पर खर्च किए जा रहे हैं। शहर के अंदर लंबे समय से सार्वजनिक शौचालयों की कमी महसूस की जा रही थी। निगम ने लाखों रुपये की लागत से शौचालय बनवा दिए हैं। कई जगह अब भी काम चल रहा है।
सुभाष रोड : सुभाष रोड पर सुभाष रोड सार्वजनिक शौचालय बनकर तैयार हो गया है, लेकिन उस पर अभी ताला लटका हुआ है। राहगीर मजबूरी में शौचालय के ठीक सामने दीवार के साथ खुले में पेशाब करने के लिए मजबूर हैं। सुभाष रोड शहर के व्यस्त इलाकों में से एक है। यहां पर ऑटो मार्केट होने के कारण सैकड़ों वाहनों का आवागमन रहता है। मिस्त्री राकेश ने बताया कि ताला तो कई दिन का लगा हुआ है। जबकि सबको पता है कि यहां हर रोज सैकड़ों गाड़ी चालक आते हैं।
पुराना शुगर मिल चौक : उधर, पुराने शुगर मिल चौक के पास बनाए गए शौचालयों का भी यही हाल है। आम जनता के लिए रोड पर बनाए गए शौचालयों पर भी ताला लगाया गया है। यहां पर हर रोज सुबह सैकड़ों मजदूर और घुमक्कड़ जाति के लोग यहां डेरा जमाए हुए हैं। सुबह शाम यहां काफी चहल पहल रहती है। इसके बावजूद निगम ने शौचालय को चालू नहीं किया है।
रेलवे रोड पर बनाया जाए सार्वजनिक शौचालय
रेलवे रोड के व्यापारियों का कहना है कि उनका बाजार शहर के सबसे पुराने बाजारों में से है। इसके बावजूद रोड पर सार्वजनिक शौचालय नहीं है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कत आ रही है। मजबूरी में उन्हें रेलवे स्टेशन पर जाना पड़ता है। व्यापारी सोनू ने बताया कि पांच माह पहले मंत्री भी रोड पर आए थे, व्यापारियों ने सार्वजनिक शौचालय बनवाने की मांग की थी। मंत्री ने चलित शौचालय रखने का भरोसा दिया था, लेकिन योजना अभी सिरे नहीं चढ़ सकी है।
शहर में जगह-जगह शौचालय बनाए गए हैं, जिन्हें जल्द चालू करवा दिया जाएगा। सुभाष रोड पर बने शौचालय का कनेक्शन सीवर में करना और सीट लगाना बाकी है। सोमवार तक काम पूरा हो जाएगा।
- कृष्ण कुमार वार्ष्णेय, डीटीपी नगर निगम