8.55 करोड़ खर्च कर बढ़ाई जाएगी 10 सब स्टेशनों की क्षमता
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम अपने उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधा देने के लिए 8.55 करोड़ रुपये की लागत से 10 सब-स्टेशनों की क्षमता में वृद्धि करने की तैयारी में है। इसके साथ ही दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना व इंटीग्रेटेड पॉवर डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत लगभग 65 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कार्य किए जाने का निर्णय भी लिया गया है।
दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत अंबाला, रोहतक और झज्जर में लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बिजली संबंधी विकास कार्य किए जाएंगे। इसके साथ-साथ तीनाें जिलों में 11 के.वी. लाईनों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी और ट्रांसफार्मर, कंडक्टर बदलने के साथ-साथ ए.बी. केबल भी लगाई जाएगी। इंटीग्रेटेड पावर डेवलपमेंट योजना के तहत लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से रोहतक और यमुनानगर जिलों में नई 11 केवी एलटी और एच.टी. लाईनें बिछाई जाएंगी और मौजूदा लाइनों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही, खराब मीटर बदले जाएंगे और नई ए.बी. केबल लगाकर मीटरों का स्थानांतरण भी किया जाएगा।
इन सभी परियोजनाओं का कार्य करने के लिए विभिन्न कंपनियों को टर्न-की के आधार पर अनुबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अब लो वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा बिजली सप्लाई की विश्वसनीयता एवं निरंतरता में सुधार होगा। प्रदेश में वर्तमान मांग को देखते हुए पर्याप्त बिजली उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को अधिक समय के लिए बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। निगम अपने उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं गुणात्मक बिजली उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। निगम प्रदेश वासियों से बिजली का सदुपयोग करने, समय पर बिजली बिल का भुगतान करने व बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सहयोग की कामना करता है।