भ्रूण लिंग जांच की शिकायत पर एक मकान पर छापामार कार्रवाई
महेंद्रगढ़। भ्रूण लिंग जांच की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने वीरवार को मोहल्ला बास में स्थित एक मकान पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने बीस हजार रुपये तथा एक जैली क्रीम बरामद की है। जबकि लिंग जांच करने वाला चिकित्सक मौका पाकर भागने में सफल हो गया।
छापामार टीम का नेतृत्व कर रहे डॉ. अरुण कालरा एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें कुछ दिनों से इस मकान में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच किए जाने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महेंद्रगढ़ एवं नारनौल की पुलिस को साथ लेकर मोहल्ला बास में स्थित मकान पर छापामार कार्रवाई की गई। टीम ने इससे पहले नारनौल की एक गर्भवती महिला को डिकॉय पेशेंट बनाकर भेजा गया। टीम ने महिला को चिकित्सक को देने के लिए जो पैसे दिए थे उसे पहले ही चिन्हित कर दिया गया था। महिला को एक आशा कार्यकर्ता के साथ जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद जब महिला अंदर जाकर इशारा किया तो बाहर खड़ी टीम ने मकान पर छापा मार दिया। इस दौरान जांच करने वाला चिकित्सक एक चोर रास्ते से भागने में सफल हो गया। टीम ने मकान से चिकित्सक को दिए गए बीस हजार रूपए तथा अल्ट्रासाउंड के उपयोग के लिए उपयोग की जाने वाली जैली यहां से बरामद की है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शंका जाहिर की है कि अल्ट्रासाउंड के लिए उपयोग की जाने वाली मशीन पोरटेबल हो सकती है क्योंकि मौके पर यह मशीन बरामद नहीं हुई है। टीम ने मकान मालकिन को हिरासत में लिया है। लिंग भ्रूण जांच करने वाला चिकित्सक नजदीकी नानकवास का बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक चिकित्सक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।