बावल। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रूध पुल के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की शवगृह में रखवा दिया। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।
कसौला थाना पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी थी कि रूध पुल के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। युवक के पास से फिलहाल ऐसी कोई पहचान संबंधी जानकारी नहीं मिली है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, शव को सुरक्षित रखवाया गया है।