रेवाड़ी। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग की ओर से जिला युवा महोत्सव का आयोजन 29 व 30 अक्तूबर को किया जाएगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 अक्तूबर है।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, कविता लेखन, लोक वाद्य यंत्र एकल व समूह स्पर्धा शामिल हैं। वहीं राज्य की लोक कला एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ विज्ञान मेला का आयोजन किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि जिला युवा महोत्सव में आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 अक्तूबर है। इसमें प्रतिभागियों की आयु 1 सितंबर 2025 को 15 से 29 वर्ष होनी चाहिए। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है।
एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। जिला स्तर पर विजेताओं को प्रमाण पत्र व पुरस्कार राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे।
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में विजेताओं को 1100 रुपए से 31 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।