रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय युवा महोत्सव हिंडोला-2026 का आगाज 13 नवंबर होगा। इसका समापन 15 नवंबर को होगा। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने वीरवार को अभ्यास किया।
युवा महोत्सव में रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जोन के 35 विजेता कॉलेजों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के लिए विश्वविद्यालय परिसर में चार मंच तैयार किए गए हैं। पहले दिन 16 विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।
तीनों दिन हरियाणवी और भारतीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। महोत्सव को लेकर सरदार पटेल भवन के सभागार में बैठक हुई।
इसमें अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. करण सिंह, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की निदेशक प्रो. अदिति शर्मा, डॉ. सुशांत और विभिन्न समितियों के संयोजक मौजूद रहे। अधिकारियों ने चारों मंचों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों का अभ्यास देखा।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ऊर्जा और सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं। ‘हिंडोला-2026’ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और हरियाणवी व भारतीय संस्कृति से जुड़ने का मंच है।
उन्हें उम्मीद है कि आयोजन अनुशासन, सौहार्द और कलात्मक उत्कृष्टता का नया उदाहरण बनेगा। कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने बताया कि चारों मंच तैयार हैं और सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं।
13 नवंबर को विवेकानंद ब्लॉक के सामने मुख्य मंच पर उद्घाटन समारोह के साथ क्रिएटिव कोरियोग्राफी, हरियाणवी साफा मेकिंग, स्किट और माइम होंगे। कल्पना चावला ऑडिटोरियम में क्लासिकल वोकल, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल, इंडियन ग्रुप सॉन्ग, लाइट वोकल और हरियाणवी लोकगीत सोलो की प्रस्तुतियां होंगी। सरदार पटेल ब्लॉक के सेमिनार हॉल-1 में हिंदी व हरियाणवी कविता पाठ, संस्कृत वक्तृता और श्लोक उच्चारण होंगे।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक करते अधिकारी। स्रोत: विवि
महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक करते अधिकारी। स्रोत: विवि