बावल। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार को एक कंटेनर और बाइक की टक्कर में वाल्मीकि बस्ती निवासी शिव कुमार (25) की मौत हो गई। वहीं सेक्टर-6 निवासी सुधीर घायल हो गए। टक्कर के बाद कंटेनर पलट गया और चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारण का पता नहीं चला है।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एसआई मनीष के अनुसार, कंटेनर तेज रफ्तार में दिल्ली की ओर से आ रहा था और राजस्थान की एक कंपनी में सामान लेकर जा रहा था। इस दौरान रूद्ध फ्लाईओवर के पास बाइक पर सवार शिव और सुधीर गलत दिशा में जा रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। शिव की मौके पर मौत हो गई।
कसौला थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार, शिवा अविवाहित था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। पिता के निधन के बाद उनकी मां को रेलवे में नौकरी मिली है और वही परिवार का सहारा हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।