धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित जानी होटल के सामने ट्राले से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। युवक की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव लुजौता के रहने वाले सचिन के रूप में हुई। हादसा रविवार शाम करीब चार बजे हुआ था। सचिन गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। तभी आगे चल रहे ट्राला के चालक ने एकाएक ब्रेक ले ली।
सचिन की बाइक ट्राले में पीछे से टकरा गई और सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई। सचिन ने हेलमेट लगा रखा था लेकिन टक्कर तेज होने के चलते बचाव नहीं हो सका। घटना के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर भाग गया। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में लगी हुई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी राजेश के बयान पर मामला दर्ज किया गया है।