रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले की एक युवती ने महेंद्रगढ़ के युवक पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और ब्लैक मेल करने का आरोप लगाया है। रेवाड़ी पुलिस ने 26 मई को जीरो एफआईआर दर्ज कर उसे जयपुर पुलिस को भेज दिया। वहीं, आरोपी ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि दोनों ने 10 अप्रैल 2025 को जयपुर के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। वे दो साल तक साथ रहे। कई जगह घूमने भी गए।
युवती ने नूंह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला लिया है। आरोपी युवक कुलदीप के अनुसार जब उसने युवती से एमबीबीएस की सीट छोड़ने की बात कही तो वह उसे छोड़ कर चली गई। इसके बाद युवती ने शादी का झांसा देकर जबरन संबंध बनाने, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए।
युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि जनवरी 2025 में नीट की कोचिंग के दौरान उसकी मुलाकात महेंद्रगढ़ निवासी कुलदीप से हुई। कुलदीप ने खुद को बैंक में प्रोबेशन ऑफिसर बताते हुए प्रतिनियुक्ति पर रॉ का काम देखने की बात कहकर उसका विश्वास जीता।
उसने ज्योतिष का जानकार बनकर नीट में सफलता के लिए पूजा कराने के बहाने उसे मंदिर ले जाने की कोशिश की और 11 लाख रुपये नकद, क्रेटा कार और 20 लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। जो फोटो उसके पास है वह एआई से बनाई गई है।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में कुलदीप ने खुद को नीट पेपर घोटाले का जांच अधिकारी बताकर उससे कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवाए और उसके फोटो-वीडियो बनाए। 18 फरवरी को जयपुर के एक होटल में शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन संबंध बनाए गए। बाद में गुरुग्राम और रोहतक के होटलों में भी जबरदस्ती की गई।
आरोप लगाया कि उससे 30 हजार रुपये और उसके पिता से 85 हजार रुपये लिए गए। एमबीबीएस में दाखिले के बाद पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए जब उसने कुलदीप से दूरी बनानी चाहिए तो उसे धमकाया गया।
जयपुर में पोस्टिंग के दौरान युवती के संपर्क में आया कुलदीप
कुलदीप ने बताया कि वह एसबीआई में प्रोबेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। वर्ष 2024 में उसकी पोस्टिंग जयपुर में थी और युवती वहां कोचिंग ले रही थी। नवंबर में दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद करीब तीन महीने तक स्नैपचैट और इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत और मुलाकातें होती रहीं। युवती के प्रस्ताव के बाद फरवरी 2025 में दोनों रिलेशनशिप में आ गए। कुलदीप का दावा है 10 अप्रैल 2025 को दोनों ने जयपुर के आर्य समाज मंदिर में शादी की और 3 मई तक साथ रहे। इसके बाद युवती नीट परीक्षा देने घर चली गई। जुलाई में कुलदीप का तबादला रोहतक और सितंबर में गुरुग्राम हो गया। नीट क्वालीफाई करने के बाद युवती ने नूंह के मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया और सप्ताहांत में उसके पास आती रही। कुलदीप का दावा है कि दिसंबर 2025 में उसे युवती के दाखिले को लेकर शिकायतें मिलीं। आरटीआई से उसे पता चला कि युवती ने बीडीएस में दाखिला लिया था, जिसे बाद में छोड़ दिया। उसने 10 लाख रुपये का बॉन्ड भरने का प्रस्ताव भी दिया, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। कुलदीप के अनुसार अप्रैल 2026 में दोनों के बीच दाखिले को लेकर विवाद हुआ। मई में युवती के पिता थाने पहुंचे और दोनों ने रिश्ता खत्म कर लिया। 17 मई को युवती की ओर से धमकी भरे संदेश मिलने का दावा करते हुए कुलदीप ने कहा कि 25 मई को उसके खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज करा दी गई।
वर्जन
हमारे पास युवती की शिकायत आई थी। हमने मई को ही जीरो एफआईआर दर्ज कर ली थी। मामला अब जयपुर पुलिस के पास है। वहां की पुलिस मामले की जांच कर रही है। -सुरेंद्र श्योराण, डीएसपी।