रेवाड़ी। घर की छत से गुजर रहे बिजली के तार से उलझने के कारण एक युवक की गर्दन कट गई। उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
शहर के सरस्वती विहार में गली नंबर 5 के निवासी त्रिलोक चंद ने बताया कि उनका बेटा बंटी (38) किसी कार्य से घर की छत पर गया था। छत से गुजर रहे बिजली के तार में उलझने के कारण उसकी गर्दन कट गई। उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गर्दन पर 8 टांके लगाए गए। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बिजली का तार कई घरों की छतों से होकर गुजर रहा है। इनमें करंट नहीं है और इसे बिजली विभाग ने डैमेज लाइन किया है।
उन्होंने बताया कि इन तारों से आए दिन हादसे होते हैं। उनकी पुत्रवधू पूजा भी तार की चपेट में आकर घायल हो चुकी है। इसकी शिकायत विधायक से लेकर संबंधित विभाग से कई बार की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हमारी मांग है कि कई घरों से गुजर रही इन तारों को तुरंत हटाया जाए। बिजली विभाग के जय सिंह ने कहा कि जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली, वे सीधे ट्रामा सेंटर पहुंचे और घायल युवक का हाल जाना। उन्होंने कहा कि उक्त बिजली की लाइन स्थाई तौर पर बंद की हुई है।