रेवाड़ी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक सोसायटी में रहने वाले युवक को कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कसौला थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सौरव कुमार ने बताया कि एक साल पहले सोसायटी के बीपीएल फ्लैट में रहने वाले रूस्तम नाम के युवक ने उसकी बहन के साथ अभद्रता की थी। उस समय उसके पिता ने रूस्तम को डांट फटकार कर समझा दिया था, लेकिन उसके बाद से ही वह रंजिश रखने लगा था। दो दिन पहले उसके परिवार में किसी का निधन हो गया था। इसलिए माता-पिता गांव गए हुए थे। शाम के समय वह अपने दोस्त के साथ सोसायटी के ही पार्क में घूमने लिए गया था, जहां बुलेट बाइक पर सवार होकर आए रूस्तम के दोस्त गोलू और चिन्नू ने उस पर हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान रूस्तम भी अपने एक दोस्त के साथ वहां आ गया। चारों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा और घायल अवस्था में धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।