रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के लिए भाड़ावास गेट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वर्तमान में सर्कुलर रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसके चलते कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है और रूट डायवर्ट किया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा से पहले ट्रैफिक एग्जाम पास करना होगा।
मार्ग परिवर्तित होने से भाड़ावास गेट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर पहुंचने में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
सर्कुलर रोड पर ही नाईवाली चौक के पास राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भी है। इसे परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां का आसपास का क्षेत्र सामान्य दिनों में भी व्यस्त रहता है। यही रास्ता बाजार की ओर जाता है।
स्कूल के सामने से गुजरने वाली सर्कुलर रोड शहर की प्रमुख मार्गों में से एक है। निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है।
अग्रसेन चौक के पास नाले का निर्माण भी हो रहा है। ऐसे में परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों की अतिरिक्त भीड़ से यातायात दबाव और बढ़ने की आशंका है।
पुलिस प्रशासन की ओर से जाम मुक्त व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है, लेकिन निर्माण कार्य के कारण स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो पा रही।
कई बार छोटे-छोटे मार्गों पर भी वाहनों की लंबी कतार लग जाती हैं। ऐसे में परीक्षा के दिन समय पर पहुंचना विद्यार्थियों के लिए चुनौती बन सकता है।
शिक्षक भी चिंतित : विद्यालय के शिक्षक भी इस स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि अधिकांश विद्यार्थियों को पहले दिन ही यह जानकारी होगी कि रूट डायवर्ट है। इसलिए शुरुआती दिन कुछ भ्रम की स्थिति बन सकती है। यदि विद्यार्थी समय से घर से नहीं निकलेंगे तो उन्हें देरी का सामना करना पड़ सकता है, जिसका सीधा असर परीक्षा पर पड़ सकता है।
परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए घर से जल्दी निकलें
शिक्षक मनोज कुमार वशिष्ठ ने बताया कि सर्कुलर रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने का प्रयास करना चाहिए ताकि देर से बचा जा सके। अभिभावकों को परीक्षा के एक दिन पहले बच्चों के साथ स्वयं केंद्र तक जाना चाहिए ताकि रूट की स्थिति को समझ आ जाएलें। यदि संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। सुबह के समय अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वाहन पार्किंग की भी समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए पहले से योजना बनाकर निकलना बेहतर रहेगा।
-
वर्जन
परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए घर से पहले निकलें। ऐसा करने से जाम के बाद भी समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकेंगे। जाम से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते से जाएं। -विनोद कुमार यादव, प्राचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भाड़ावास गेट।
मनोज कुमार वशिष्ठ
मनोज कुमार वशिष्ठ