धारूहेड़ा। जमीन की जमाबंदी की नकल प्राप्त करने के लिए अब लोगों को तहसील और पटवारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नागरिक घर बैठे ही राजस्व विभाग के पोर्टल के माध्यम से अपनी जमीन की जमाबंदी की नकल निकाल सकेंगे। राजस्व विभाग ने इस संबंध में नई व्यवस्था लागू करते हुए तहसीलों से प्रमाणित नकल जारी करने की प्रक्रिया बंद करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार से तहसील स्तर पर राजस्व विभाग का नकल जारी करने वाला पोर्टल बंद कर दिया गया है। अब नागरिकों को सीधे राजस्व पोर्टल से जमाबंदी डाउनलोड करनी होगी। इसके लिए किसी अधिकारी या हलका पटवारी से अलग से प्रमाणित कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
नायब तहसीलदार धारूहेड़ा अजय मलिक ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने से आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी। अब लोगों को जमाबंदी की नकल लेने के लिए तहसील और पटवारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नागरिक अपने घर बैठे ही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जमीन की जमाबंदी निकाल सकते हैं।
विभागीय निर्देशों के अनुसार राजस्व पोर्टल से प्राप्त नकल के लिए किसी अतिरिक्त प्रमाणीकरण की जरूरत नहीं होगी। यदि कोई हलका पटवारी नकल को प्रमाणित करता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ऑनलाइन जमाबंदी की सुविधा जारी रहेगी। इसके अलावा नई जमाबंदी का संशोधित प्रारूप भी जारी किया जाएगा।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य राजस्व रिकॉर्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाना और आम नागरिकों को तहसील कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना है। इससे जमीन संबंधी दस्तावेज प्राप्त करने में पारदर्शिता और डिजिटल सुविधा को भी बढ़ावा मिलेगा।