रेवाड़ी। उत्तराखंड के रुद्रपुर में 23 से 28 मई तक आयोजित कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप में फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
पुरुष फॉयल व्यक्तिगत स्पर्धा में विवेक यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया जबकि युवराज सैनी ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष फॉयल टीम स्पर्धा में विवेक यादव और युवराज सैनी ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम को गौरव दिलाया। वहीं महिला फॉयल टीम स्पर्धा में प्रियंका यादव ने रजत पदक अपने नाम किया।
विज्ञापन
पुरुष एपी व्यक्तिगत स्पर्धा में जितेश यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा पुरुष एपी टीम स्पर्धा में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। महिला एपी टीम स्पर्धा में अंशिका राणा ने स्वर्ण पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया।
खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर विवेक यादव, युवराज सैनी और जितेश यादव का चयन कैडेट एशियन चैंपियनशिप, विश्व चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप तथा कैडेट एशिया कप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।