संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि इस आम बजट में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला सशक्तीकरण पर ध्यान दिया है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए वर्ष 2025-26 में 1372.10 करोड़ रुपये का बजट दिया है।
विधायक ने कहा कि महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देते हुए महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना चलाई है। इसके लिए बजट 2025-26 में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, बजट समाज के सबसे वंचित वर्गों को सशक्त बनाने, समुदायों के उत्थान और एक समावेशी समाज के निर्माण के लिए समर्पित है। विधायक ने कहा कि यह बेहद सराहनीय है कि कुपोषण के लिए 12 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि खर्च करके 80 हजार कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार किए जाने का लक्ष्य रखा गया। 2 हजार आंगनबाडी केंद्रों को 81.63 करोड़ रुपये की धनराशि से चरणबद्ध तरीके से प्ले स्कूल में परिवर्तित करने व 2 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आगंनबाड़ी केंद्रों में परिवर्तित करने का भी लक्ष्य रखा गया है।