कार्यक्रम की शुरूआत करते डीसी अभिषेक मीणा। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से बाल भवन में पिंकाथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाना आवश्यक है। डीसी ने स्वास्थ्य विभाग, आईएमए और सामाजिक संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को कैंसर सहित अन्य बीमारियों के प्रति सचेत करें।
वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र दहिया, पीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से डॉ. मीनाक्षी यादव, डॉ. पूजा अनेजा और कृतिका पांडे सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।