भिवाड़ी। शहर की अरावली विहार सोसाइटी में महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि सोसाइटी रहने वाली सुनीता कई महिलाओं से उधार लेकर परिवार सहित फरार हो गईं। ठगी का शिकार बने निवासियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर भिवाड़ी थाने में मामला दर्ज कराया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सुनीता ने परिवार के सदस्यों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए और नगद राशि लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित राहुल अवस्थी ने बताया कि उनका सुनीता से करीब तीन-चार साल से लेनदेन था। ऑनलाइन उन्होंने करीब 8 लाख रुपए इनको उधार दिए हैं। सुनीता मिश्रा से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है काफी लोगों का पैसा उधार उन्होंने लिया हुआ है। अभी किस व्यक्ति से कितना उधार लिया है यह लिस्ट बनाई जा रही है उसके बाद पुलिस को सौंपी जाएगी।
शिकायत के अनुसार सुनीता ने पिछले कई वर्षों से सोसाइटी की महिलाओं से कई बहानों से उधार लिया। कभी पिता के इलाज, मां की बाईपास सर्जरी, पिता की तेरहवीं, तो कभी दुकान का सामान लाने के नाम पर धीरे-धीरे लाखों रुपए इकट्ठा किए। शिकायतकर्ता इंदर पटेल, राहुल अवस्थी, देशराज चौधरी, बबिता चौधरी, कृष्ण जांगिड़, अजय यादव, अमित गौतम और प्रकाश ने बताया कि सुनीता ने पैसे ट्रांसफर करवाए। जब पैसे लौटाने की मांग की जाती, तो वह टालमटोल करती रही।