रेवाड़ी। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) के तहत संचालित गांव नांगल उगरा के लड्डू गोपाल महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया है। इस समूह से जुड़ी 10 महिलाओं में से 5 सदस्यों ने दोना पत्तल निर्माण का कार्य शुरू कर आत्मनिर्भर बनी हैं। अब ये महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
महिलाओं की ओर से तैयार किए जा रहे दोना पत्तल की स्थानीय स्तर पर अच्छी मांग है, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। इस आय के माध्यम से महिलाएं अपने परिवार के खर्चों में सहयोग कर रही हैं तथा बच्चों की शिक्षा एवं घरेलू जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं।
महिला समूह की सदस्यों का कहना है कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे अपने निर्णय स्वयं लेने लगी हैं। समूह के माध्यम से बचत, आपसी सहयोग एवं आजीविका गतिविधियों ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक आफताब अहमद ने बताया कि हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका लाभ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बना रही हैं। यह समूह आज अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।