रेवाड़ी। जयपुर-हिसार में हांसी जा रही एक महिला का रेवाड़ी स्टेशन के निकट पर्स चोरी हो गया। पर्स में नकदी, मोबाइल व अन्य जरूरी कागजात थे। दूसरी ओर बिहार जाने के लिए रेवाड़ी स्टेशन पर आए एक यात्री से तीन बदमाशों ने नकदी व मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर राजकीय रेलवे पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हांसी के लाल रोड निवासी कमलदीप कौर ने बताया है कि वह अपने परिवार के साथ हांसी आने के लिए बांदीकुई से जयपुर-हिसार ट्रेन में सवार हुई थी। ट्रेन रेवाड़ी स्टेशन पर पहुंची तो उनका पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब 2200 रुपये की नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड व अन्य कागजात थे। उन्होंने चोरी की सूचना ट्रेन में तैनात टिकट निरीक्षक व रेलवे की हेल्पलाइन पर भी दी। हिसार पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई। हिसार से जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला जांच के लिए रेवाड़ी भेज दिया गया। शनिवार को रेवाड़ी जीआरपी ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर बिहार के जिला अररिया के कस्बा कारवोला निवासी शकूर ने बताया है कि वह दादरी स्थित एक होटल में कार्यरत है। शुक्रवार को वह अपने गांव जाने के लिए दादरी से रेवाड़ी स्टेशन पर आए थे। मालगोदाम के निकट तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर उनसे मोबाइल व करीब 3200 रुपये की नकदी छीन ली। लूटपाट के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना के बाद जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों का पता नहीं लग पाया। जीआरपी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ शकूर की शिकायत पर लूट मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।