रेवाड़ी। जिले में कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। आमजन को अपने स्वास्थ्य के साथ दूसरों का भी ख्याल रखते हुए एहतियात बरतने की जरूरत है। बुधवार को भी 30 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित लोगों के संपर्क विवरण और परिजनों की जांच करते हुए निगरानी कर रही है। इससे पहले मंगलवार को तीन कोराना संक्रमित मिले थे। तीन में दो को घर पर आइसोलेट किया गया जबकि एक मरीज को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आठ अप्रैल को भी 75 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली थी। वर्तमान में वह स्वस्थ है और स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में घर पर है। जिले में अब कोरोना संक्रमण के पांच सक्रिय केस हैं। जिले में कोरोनारोधी टीकाकरण आरंभ होने का इंतजार है। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे तो लोग भी टीकों के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं। उप सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि उच्च विभाग से लगातार संपर्क किया जा रहा है। अभी टीकों को लेकर दिशा निर्देश नहीं आए हैं।
-
बुधवार को 230 लोगों के लिए गए सैपल
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 230 लोगों के सैंपल लिए गए थे। जिनमें से 123 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि 107 की रिपोर्ट वीरवार को आएगी। रिपोर्ट में एक महिला संक्रमित मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक मिले कोविड मरीजों में से एक को प्राइवेट अस्पताल और बाकी चार मरीजों को घर पर आइसोलेट किया गया है।
बुधवार को एक महिला कोराेना संक्रमित मिली है। उसे घर पर आइसोलेट कर दिया है। वहीं उच्च निदेशालय की ओर से कोविड नियमों को जिले में लागू करने के निर्देश मिलने के बाद लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही हैं। कोरोना संक्रमण के लक्षण महसूस होते हैं तो चिकित्सक की सलाह पर जांच करने से परहेज नहीं करें। कोरोना नियमों का पालन करने से ही संक्रमण के फैलाव को रोका जा सकता है।
- डॉ. दीपक, नोडल अधिकारी, नागरिक अस्पताल।