घायल महिला से मारपीट करने वाला युवक भी गिरफ्तार, बादशाहपुर थाने में दर्ज हुई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में रविवार की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक महिला ने दूसरी महिला पर ज्वलनशील पदार्थ (टॉयलेट क्लीनर) फेंक दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ने गलतफहमी में दूसरी महिला पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला साक्षी और पीड़ित महिला के प्रेमी पवन को गिरफ्तार कर लिया है।
कपड़ों के रंग ने दिया धोखा
ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाली महिला की पहचान रेवाड़ी (हरियाणा) के पातूहेड़ा बावल गांव निवासी साक्षी (25) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गुरुग्राम के सुभाष नगर में रहती है। आरोपी महिला साक्षी से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उसका मीनाक्षी (पति सचिन की महिला मित्र) के साथ झगड़ा व मारपीट हुई थी। नूंह की रहने वाली युवती मीनाक्षी का रेवाड़ी निवासी सचिन के साथ प्रेम प्रसंग था, जब उसे पता चला कि सचिन शादीशुदा है तो उसने बातचीत बंद कर दी थी। साक्षी को शक था कि मीनाक्षी अभी भी उसके पति के संपर्क में है। रविवार शाम साक्षी का मीनाक्षी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मीनाक्षी इलाज के लिए सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल आई थी। साक्षी भी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गई। अस्पताल में मीनाक्षी जैसे कपड़ों और चुन्नी को देखकर साक्षी ने बिना चेहरा देखे दूसरी महिला पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया।
पीड़िता के प्रेमी पर भी गिरी गाज
जिस महिला पर हमला हुआ, वह प्रेमी पवन के साथ मारपीट के बाद अस्पताल पहुंची थी। हमले के बाद पीड़िता ने प्रेमी पवन को नामजद कराया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि पवन ने ज्वलनशील पदार्थ नहीं फेंका था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में पवन को बादशाहपुर थाने से और ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के आरोप में साक्षी को सेक्टर-10 थाने से गिरफ्तार किया।
सहमति संबंध में रह रही थी पीड़ित महिला
ज्वलनशील पदार्थ फेंकने से घायल हुई महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह करीब चार वर्ष पहले पश्चिम बंगाल से काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी। गुुरुग्राम अपने के बाद वह पवन के साथ सेक्टर-72 में सहमति संबंध में एक फ्लैट में रह रही थी। 8 मार्च को पवन ने मारपीट की थी, जिस कारण वह शाम को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार कराने आई थी। इस दौरान आरोपी महिला साक्षी ने उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे उसके कपड़े जल गए। शिकायत के आधार पर एसिड अटैक के संबंध में सेक्टर-10 थाने में और मारपीट करने मामले में बादशाहपुर थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। पीड़ित महिला के साथ मारपीट मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेमी पवन निवासी जैनाबाद गांव, रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है।
आरोपी महिला साक्षी का स्वास्थ्य खराब होने के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगामी कार्रवाई के लिए 10 मार्च को अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल साक्षी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में छानबीन की जा रही है। - अनिल, एसआई, जांच अधिकारी
पीड़ित महिला के साथ मारपीट करने वाले प्रेमी पवन के खिलाफ बादशाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले आगामी कार्रवाई की जा रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता