रेवाड़ी। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने सरस्वती विहार के एक मकान से जेवरात चोरी करने के मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला आरोपी की पहचान यूपी के जिला सुल्तानपुर के गांव दापट निवासी निकिता के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
दरअसल, गत 24 फरवरी को सरस्वती विहार निवासी मनोज कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि उसके मकान पर किराए पर रह रही निकिता ने उनके मकान से जेवरात चोरी किए हैं। आरोपी निकिता उनको चोरी किए गए जेवरात के साथ सोशल मीडिया साइट पर नजर आई थी। पुलिस ने थाना मॉडल टाऊन में चोरी का मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संवाद