संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के एक गांव की महिला ने अपने गांव के ही एक युवक पर होटल में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद दुष्कर्म करने और इसका वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के समय आरोपी ने वीडियो बना लिया। इसके आधार पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। सीएम विंडो पर की गई शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि पड़ोसी युवक उसे काफी समय से परेशान करता है। उसका पति मजदूरी करके परिवार चलाता है। युवक उसके पास कई बार कागज लिखकर फेंकता रहा है। 10 मई 2023 को वह अपने गांव से रेवाड़ी किसी काम से जा रही थी। महिला का आरोप है कि युवक ने उसे एक गांव के बस स्टैंड पर जबरन अपनी कार में बैठा लिया। कार में बैठाते हुए उसे जबरदस्ती उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दिया, जिसके बाद उसे बेहोशी छाने लगी। आरोपी उसे कनीना के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने अश्लील वीडियो बना ली। अब वह उसे बार-बार संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा है। उसका कहना नहीं मानने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। मामले में संबंधित थाना क्षेत्र के प्रभारी का कहना है कि महिला की तरफ से शिकायत दी गई है, जिसे ले लिया गया है। फिलहाल शिकायत पर जांच पड़ताल की जा रही है।