भाड़ावास मार्ग पर स्थित रजाई गद्दे की दुकान। संवाद
रेवाड़ी। क्षेत्र में सर्दी की दस्तक के साथ ही रजाई और गद्दों के कारोबार में तेजी आ गई है। पिछले चार दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की कमी आई है। इसका सीधा असर कारोबार में तेजी के रूप में पड़ा है। जहां एक ओर लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी में जुट गए हैं, वहीं रजाई और गद्दे बनाने वाले कारीगरों के पास भी काम की भरमार हो गई है।
कई लोग अपने पुराने गद्दे और रजाइयां दुकानों पर भिजवा रहे हैं ताकि सर्दी बढ़ने से पहले उन्हें ठीक कराया जा सके। वहीं, दुकानदार और कारीगर लगभग सुबह से देर शाम तक लगातार काम में व्यस्त नजर आ रहे हैं।
रजाई-गद्दा मरम्मत और नई रजाई तैयार करने वाले कारीगरों की संख्या में इस समय खासा इजाफा देखा जा रहा है। कारीगर रुई को धुनने, गद्दा भरने और रजाई सिलाई करने में लगातार लगे हुए हैं।
कारीगर सोनू व बिरजू ने बताया कि मौसम में ठंडक आते ही काम बढ़ जाता है लेकिन इस बार अचानक तापमान गिरने से ऑर्डर पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से मिलने लगे हैं।
-
सर्दी की शुरुआत अच्छी, अभी से ऑर्डर मिलना शुरू हो गए
रुई के कारोबारी मोहन लाल व प्रशांत कुमार ने बताया कि इस बार सर्दी की शुरुआत अच्छी है और अभी से ऑर्डर मिलना शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले लोग केवल कपास और रूई से बनी रजाईयों को ही प्राथमिकता देते थे, अब फाइबर और सिलिकान फिलिंग वाली रजाइयों की मांग काफी बढ़ गई है। ये रजाईयां हल्की होती हैं, आसानी से धुल जाती हैं और लंबे समय तक टिकाऊ रहती हैं। इसके कारण खरीदार इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जैसे-जैसे सर्दी बढ़ेगी, कारोबार और तेज होने की उम्मीद है। पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री और मुनाफा दोनों ज्यादा रहने की संभावना है। कई व्यापारी पहले से अतिरिक्त स्टॉक तैयार कर रहे हैं ताकि अचानक बढ़ने वाली मांग को आसानी से पूरा किया जा सके।