वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में सम्मानित होने पर खुशी जाहिर करते खिलाड़ी। संवाद
धारूहेड़ा। राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में आयोजित 14वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। इसमें प्रथम से तीसरे स्थान पर आए खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। सपना सर्वश्रेष्ठ महिला और विकास सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट चुने गए।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य दयावती, शिक्षक मौजूद रहे। इस दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
डॉ. हरिप्रकाश ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों में निरंतर अभ्यास और मेहनत के माध्यम से विद्यार्थी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।