क्षेत्र के गांव नयागांव जाटोंवाला में एक महिला की जलने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के पीहर पक्ष से उसके भाई ने पुलिस को शिकायत देकर उसके पति पर मिट्टी का तेल छिड़कर जलाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव नयागांव जाटोवाला निवासी रमेश कि शादी 12 साल पहले जिला झज्जर के जटवाड़ा निवासी माईधन की लड़की इंद्रमणी के साथ हुई थी शादी के बाद रमेश शराब का आदि हो गया था जिसके कारण पति-पत्नी में कई बार झगड़ा भी हुआ था। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात को भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया था जिसके बाद आरोप है कि पति रमेश ने उसे मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी है।
इंद्रमणि के शोर मचाने के बाद पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे तत्काल नाहड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान शनिवार की रात को इंद्रमणि की मौत हो गई। पुलिस को शिकायत में मृतका के भाई ओम ने बताया कि उसके जीजा रमेश ने उसकी बहन पर केरोसिन डालकर आग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ब्रह्म सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी पति रमेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।