फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: स्वागत द्वारों से शहर को मिलेगी नई पहचान, नगर परिषद की बैठक में होगा फैसला

Mon, 03 Aug 2026 12:16 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी। शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों और महत्वपूर्ण चौकों को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर परिषद की 4 अगस्त को होने वाली पहली बैठक में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी। नगर परिषद का उद्देश्य शहर के सुंदरीकरण के साथ ही रेवाड़ी की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
विज्ञापन

नगर परिषद की बैठक 4 अगस्त को तीन बजे से परिषद के सभागार में शुरू होगी। इसकी अध्यक्षता नगर परिषद की प्रधान विनीता पीपल करेंगी। एजेंडे में कुल 17 प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। इनमें शहर के विभिन्न मार्गों और चौकों पर स्वागत द्वार का निर्माण कराना प्रमुख है।
परिषद क्षेत्र में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों, राजा राव तुलाराम चौक से जुड़े सभी मार्गों पर भव्य द्वार बनाने का मुद्दा भी बैठक के एजेंडे में शामिल है।
विज्ञापन

बैठक में बावल रोड से मिनी बाईपास तक पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर द्वार और मार्ग विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसी प्रकार आजाद चौक पर श्री दुर्बलनाथ संत द्वार बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
शहर के प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनने से बाहर से आने वाले लोगों को रेवाड़ी की एक अलग छवि दिखाई देगी। परिषद क्षेत्र में प्रवेश करते समय नागरिकों और यात्रियों को एक व्यवस्थित और आकर्षक वातावरण देने की योजना बनाई जा रही है।
बैठक के अंत में प्रधान की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषय भी चर्चा के लिए रखे जा सकेंगे। नगर परिषद की इस बैठक को विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन विषयों पर भी होगी चर्चा
नगर परिषद की बैठक में पार्षदों, सांसद, विधायक, नगर परिषद प्रधान, जिलाध्यक्ष और विशिष्ट व्यक्तियों के साइन बोर्ड लगाने और पुराने बोर्ड हटाने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा। शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक नई स्वीपिंग मशीन, बेबी जेसीबी, मिनी ट्रैक्टर और नालों की सफाई के लिए छोटी जेसीबी खरीदने के प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके आवश्यक उपकरणों की खरीद और कर्मचारियों की भर्ती पर विचार किया जाएगा।

नए शौचालयों का रखा जाएगा प्रस्ताव
बैठक में नगर परिषद के सभी 32 वार्डों में नए सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण और पुराने शौचालयों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा जाएगा। सभी वार्डों के पार्कों में ओपन जिम, बैठक स्थल, चहारदीवारी, ग्रिल और बागवानी जैसी सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र के सभी श्मशान घाटों के नवीनीकरण, न्यायालयों में लंबित मामलों की पैरवी के लिए बजट एवं विधिक सलाह शुल्क निर्धारित करने, शपथ ग्रहण समारोह के दौरान लगाए गए टेंट एवं अन्य सामग्री के बकाया बिलों के भुगतान जैसे वित्तीय एवं प्रशासनिक विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें