रेवाड़ी। ग्रीष्मावकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भावनगर टर्मिनस और शकूरबस्ती के बीच साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि भावनगर टर्मिनस–शकूरबस्ती साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 29 मई से 26 जून तक संचालित होगी। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को भावनगर टर्मिनस से दोपहर 2:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:55 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09258 शकूरबस्ती–भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 30 मई से 27 जून तक चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:15 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में भावनगर परा, सिहोर गुजरात, धोला, बोटाड, धंधुका, धोलका, सरखेज, गांधीग्राम, चांदखेड़ा रोड, महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित, तृतीय वातानुकूलित (इकोनॉमी), शयनयान, साधारण श्रेणी, पावरकार और गार्ड डिब्बे सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।