पिछले तीन-चार दिनों में दिन के समय बढ़े तापमान में रविवार को एक दम से गिरावट आ गई। रविवार को आसमान में हल्के बादल छाने से तापमान में भारी गिरावट आई है। सरसरी हवाओं के चलते ही ठंड एकदम से बढ़ गई। रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया किया वहीं शनिवार का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस था।
अधिकतम तापमान में एकदम से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। वहीं शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान गिरने से कोहरे में भी कमी आएगी। पिछले कई दिनों से दिन में तापमान अधिक होने के कारण रात को कोहरा बन रहा था। कोहरे से रेल व बस सेवा प्रभावित हो रही थी।
गेहूं की फसल में लाभ
रविवार को अचानक आई 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से गेहूं की फसल में काफी लाभ मिलेगा। कड़ाके की ठंड के साथ गेहूं की फसल में अच्छी तैयार होती है। कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. पीएस सभ्रवाल का कहना है कि रविवार को हवाएं चलने के साथ आसमान में बादल छाएं हैं। अब बारिश होने की संभावना बढ़ गई है। बारिश होने के बाद निश्चित तौर पर ठंड बढ़ेगी, जो गेहूं की फसल के लिए रामबाण का काम करेगी।