फोटो : 14पटाखे जलाते समय सावधानी बरते जाने की जानकारी देते हुए डॉ. जयपाल। स्रोत : चिकित्सक
कोसली। दीपावली पर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतना आवश्यक है। सामान्य अस्पताल कोसली में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. जयपाल ने नागरिकों से अपील की कि वे पटाखे खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। पालतू पशुओं को बांधने, अस्पताल परिसर या सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे जलाना खतरनाक साबित हो सकता है।
डॉ. जयपाल ने नागरिकों को सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय बताते हुए कहा कि पटाखे जलाते समय दस्ताने, जूते और चश्मा पहनना चाहिए। पास में पानी की एक बाल्टी अवश्य रखनी चाहिए, ताकि जले हुए पटाखों को उसमें डाला जा सके। उन्होंने ग्रीन पटाखों के उपयोग को पर्यावरण की दृष्टि से बेहतर बताया।
महिलाओं को पटाखे जलाते समय बाल बांधकर रखने और रेशमी या अत्यधिक खुले कपड़े न पहनने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि यदि पटाखा जलाते समय हाथ जल जाए, तो तुरंत ठंडे पानी से धोकर एंटीबायोटिक मलहम लगाएं।
किसी कट या चोट की स्थिति में एंटीसेप्टिक से सफाई करें। तेज आवाज वाले पटाखों के कारण सुनने में दिक्कत हो सकती है, ऐसे में तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें। आपात स्थिति में नागरिक अस्पताल के फोन नंबर 01259-275105 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर डॉ. मनीष और नर्स सरिता भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को दीपावली पर सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से उत्सव मनाने का संदेश दिया गया।