संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में शनिवार की रात आंधी के साथ हुई बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया जिससे आवागमन प्रभावित रहा। बावल में सबसे अधिक 56 और धारूहेड़ा में सबसे कम 5.4 एमएम बारिश हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में 9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 8.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बारिश के कारण सुबह 10 बजे तक सड़कों पर पानी भरा रहा। रेवाड़ी अनाज मंडी मार्ग पर शाम तक जलभराव रहा। इससे आवागमन प्रभावित रहा।
धारूहेड़ा, कोसली व बावल क्षेत्र में भी गलियों और सड़कों पर जलभराव था। 24 घंटे में रेवाड़ी में 24, बावल में 56, जाटूसाना में 36, नाहड़ में 15, कोसली में 16, धारूहेड़ा में 5.4, पाल्हावास में 15, परखोत्तमपुर में 35, डहीना में 10, मनेठी में 13 एमएम बारिश दर्ज की गई।
25 मई से नौतपा शुरू होना था लेकिन बारिश से तापमान गिर गया जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मई तक मौसम खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। 27 मई से 29 मई के दौरान तेज हवा और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार है।