रेवाड़ी। भगवानपुर में 8 एमएलडी का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और रेवाड़ी में 8 और 16 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके अलावा जल आपूर्ति योनजा और रखरखाव के लिए भी टेंडर जारी किए गए हैं।
अधिकांश टेंडरों की अंतिम तिथि मई के दूसरे सप्ताह में तय की गई है। इससे संकेत मिलता है कि विभाग इन योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना चाहता है। गांव भगवानपुर में 8 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे पानी को शुद्ध किया जाएगा।
वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर करीब 24.41 लाख रुपये खर्च होंगे और टेंडर की अंतिम तिथि 8 मई है। योजना के तहत पानी के स्टोरेज को बढ़ाया जाएगा और शुद्धिकरण व्यवस्था बेहतर होगी। गर्मी को देखते हुए शैलो ट्यूबवेल और सिविल मरम्मत के कार्य भी शामिल किए गए हैं।
रेवाड़ी में 8 और 16 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन और रखरखाव के लिए 9.60 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसमें पंपिंग मशीनों की मरम्मत, उपकरणों की देखरेख और अन्य जरूरी कार्य शामिल हैं। टेंडर की अंतिम तिथि 8 मई है। इस योजना से सीवरेज सिस्टम को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा गोठरा टप्पा खोरी स्थित सैनिक स्कूल में जल आपूर्ति और सीवरेज सिस्टम के विस्तार के लिए करीब 3.49 करोड़ रुपये की परियोजना भी शामिल है, जिससे वहां की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। धारूहेड़ा में जल आपूर्ति योजना के संचालन के लिए भी अलग से बड़ा टेंडर जारी किया गया है।
रेवाड़ी शहर में सीवर सफाई के लिए हाई प्रेशर जेटिंग कम सक्शन मशीन के संचालन और रखरखाव हेतु 7.70 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। यह 10 हजार लीटर क्षमता वाली आधुनिक मशीन होगी, जो ईचर ट्रक पर लगाई जाएगी। टेंडर की अंतिम तिथि 8 मई है। इस मशीन से सीवर लाइनों की सफाई तेज और प्रभावी तरीके से होगी। संवाद
जल और सीवरेज सिस्टम होगा दुरुस्त
गोठरा टप्पा खोरी स्थित सैनिक स्कूल में पानी और सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3.49 करोड़ रुपये का टेंडर जारी हुआ है। इसमें पाइपलाइन बिछाने, सीवरेज नेटवर्क तैयार करने, दो क्लियर वाटर टैंक, बाउंड्री वॉल और ऑक्सीकरण सिस्टम का निर्माण शामिल है। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 11 मई तय की गई है। इस परियोजना से स्कूल परिसर में स्वच्छता और जल आपूर्ति में बड़ा सुधार होगा।
सीवरेज की मरम्मत का टेंडर जारी
शहर में सीवरेज स्कीम के वार्षिक रखरखाव के लिए 4.06 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसके तहत पंपिंग मशीनों की रीवाइंडिंग, मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 8 मई है। इस कार्य से सीवर जाम और मशीनों की खराबी जैसी समस्याओं को समय रहते दूर किया जा सकेगा।
जल आपूर्ति योजना पर खर्च होंगे 1.36 करोड़
धारूहेड़ा शहर में जल आपूर्ति योजना के संचालन और रखरखाव के लिए 1.36 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसमें पानी की सप्लाई को नियमित बनाए रखने, पाइपलाइन और सिस्टम की देखरेख जैसे कार्य शामिल हैं। टेंडर की अंतिम तिथि 11 मई है। इस परियोजना से शहर में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी और लोगों को बार-बार आने वाली जल समस्या से राहत मिलेगी।
-
विभाग की तरफ से समय-समय पर जरूरी टेंडर जारी किए जाते हैं, कई टेंडर मेंटनेंस से जुड़े हैं। मशीनों को ठीक करने में मेंटनेंस काफी अहम रोल निभाता है। समय से पहले कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
वीपी चौहान, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग।