सिवरेज ओवरफ्लो होकर निकलता पानी ओर जलभराव
धारूहेड़ा। रेवाड़ी-धारूहेड़ा मार्ग पर मिनी ट्रक यूनियन के पास पिछले दो दिनों से सीवर ओवरफ्लो होने के कारण सड़क पर पानी भर गया है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसी स्थान पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
स्थानीय राजू प्रधान, राजवीर, अशोक, दिलीप सिंह और संजय ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की सीवर लाइन बार-बार ओवरफ्लो होने से यह समस्या लगातार बनी रहती है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केवल मिनी ट्रक यूनियन क्षेत्र ही नहीं, बल्कि संतोष कॉलोनी मार्ग, भिवाड़ी रोड तथा अन्य स्थानों पर भी सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से सड़कें प्रदूषित पानी से भर जाती हैं। इससे बदबू, गंदगी और प्रदूषण फैलने के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
मिनी ट्रक यूनियन के पास सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन लगातार जलभराव के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।