रेवाड़ी। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन व जन कमेटी रेवाड़ी की अगुवाई में रेवाड़ी-कनीना महेंद्रगढ़ मार्ग पर हरियाणा राज्य परिवहन की ओर से बढ़ाए गए 5 से 10 रुपये बस किराये को वापस लेने की मांग को लेकर बस स्टैंड प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
इसमें चेतावनी दी कि एक सप्ताह में बढ़े हुए किराये को वापस नहीं लिया गया तो बस स्टैंड परिसर में ही धरना शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा एक धरना ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन एवं जन कमेटी की तरफ से 14 नवंबर को डहीना बस स्टैंड पर आयोजित किया जाएगा। राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि यहां ओवरब्रिज कंपनी की ओर से सर्विस रोड उपलब्ध नहीं कराना और सरकार की इस बारे चुप्पी गंभीर सवाल खड़ा कर रही है। ज्ञापन देने वालों में मंजीत सिंह पुंसिका, मनोज यादव एडवोकेट, सत्यप्रकाश गोयल, सूरजपाल सिंह यादव, ओमप्रकाश सैन, कंवल सिंह नांगल, रामकुमार निमोठ, बीर सिंह प्रधान, कैलाश चन्द मनेठी, लक्ष्मण सिंह मास्टर, देशराज, सत्यप्रकाश गोयल, राजाराम माजरा, राजबीर नंबरदार उपस्थित रहे।