स्वास्थ्य विभाग की ओर से हड़ताली एनएचएम कर्मचारियों को टर्मिनेशन की चेतावनी के बावजूद बुधवार को जिले मेें एनएचएम स्कीम के तहत लगे 245 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के बावजूद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई खासा असर नहीं पड़ा। हालांकि गायनी एवं एसएनसीयु विभाग में मरीजों को कुछ परेशानी का जरूरी सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि इन दोनों वार्ड में ही अधिकतर एनएचएम स्टॉफ तैनात है।
नौकरी पक्का करने की मांग को लेकर प्रदेश भर में मंगलावर से धरने पर बैठे नेशनल हेल्थ स्कीम के तहत लगे स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन बुधवार भी जारी रही। लेकिन एंबुलेंस सेवा से जुड़े 69 कर्मचारियों द्वारा हड़ताल से किनारा करने के चलते स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं पर खासा असर नहीं पड़ा।
-------------------------------
एंबुलेंस कर्मचारियों हड़ताल पर जाने से किया इंकार
एंबुलेंस सेवा का हड़ताल में शामिल होने को लेकर पूरे दिन दोनों गुटों पर तकरार चलती रही। दिन मेें एक बार जहां हड़ताल में जाने की सहमति बनी, वहीं महज पांच मिनट बाद ही एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने हड़ताल मे शामिल होने से इंकार कर दिया। एनएचएम यूनियन के जिला प्रधान ने जहां दो बजे के बाद हड़ताल में शामिल होने का दावा किया। वहीं 102 पर की गई कॉल ने इस दावे की पोल खोल दी। यहां पर बैठे कर्मी ने कहा कि वह आपातकालीन सेवा के चलते वह हड़ताल में शामिल नहीं हुए हैं।
--------------------
कर्मचारियों में कार्रवाई का डर
मंगलवार को करीब एनएचएम कर्मचारियों में से 248 कर्मचारी हड़ताल पर थे। लेकिन बुधवार को तीन कर्मचारी काम पर वापस लौट आए। एनएचएम स्कीम के तहत लगे कुछ कर्मचारियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह हड़ताल पर जरूर बैठे हुए हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के सख्त रवैये के चलते कर्मचारियों में कार्रवाई का डर जरूर बना हुआ है।
-----------------
हड़ताल के दूसरे दिन तीन कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। बुधवार को महज 245 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। स्थाई कर्मचारियों की मदद से स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई का लेटर जरूर मिला है। जैसे ही कार्रवाई के आदेश आएंगे, कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. बीके राजौरा, सीएमओ, रेवाड़ी।
-------------------
सरकार की कर्मचारियों की दमनकारी विरोधी नीतियों के बावजूद एनएचएम कर्मचारी पूरे ताकत के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। दूसरे दिन 277 कर्मचारियों की धरने पर हाजिरी थी। जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी हड़ताल जारी रहेगी।
पंकज यादव, जिला प्रधान एनएचएम यूनियन