राजनीति पार्टियों के प्रतिनिधियों से बातचीत करते डीसी अभिषेक मीणा। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत बीएलओ 14 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना पत्र एकत्रित कर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। इस कार्य को समय से पूरा कराने के लिए डीसी व जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने वीरवार को लघु सचिवालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
इस दौरान डीसी ने सभी राजनीतिक पार्टियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की। डीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं और गणना पत्र भरवा रहे हैं, ताकि शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को, दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त, दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 21 जुलाई से 18 सितंबर और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर को किया जाएगा।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से एसआईआर में सहयोग की अपील की है ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले में 80.58 प्रतिशत तक डिजिटलाइजेशन का कार्य किया जा चुका है। इनमें बावल विधानसभा में 81.22 प्रतिशत, कोसली विधानसभा में 89.74 प्रतिशत और रेवाड़ी विधानसभा में 71.26 प्रतिशत गणना प्रपत्र डिजिटलाइजेशन का कार्य हो चुका है।