रेवाड़ी। गुरुग्राम मंडल के आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसआईआर को लेकर संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची त्रुटिरहित और अपडेटेड होना चाहिए।
बैठक में डीसी अभिषेक मीणा ने एसआईआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। मंडल आयुक्त ने कहा कि एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अपडेटेड और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।
मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के साथ-साथ मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं से संबंधित मामलों की भी नियमानुसार जांच की जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम किसी तकनीकी अथवा जानकारी के अभाव में सूची से बाहर न रहें।
जिन मतदाताओं को पूर्ण जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर के किए जा रहे कार्य में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंटों व कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग करें तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सही जानकारी प्रशासन के साथ साझा करें।
मंडलायुक्त ने पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण
मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने जिला में विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पीएम श्री एसएमआर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करनावास और शिशु शाला स्कूल में बनाए गए पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर संबंधित बीएलओ द्वारा किए जा रहे एसआईआर कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए दावों एवं आपत्तियों से संबंधित नोटिस की प्रक्रिया तथा अन्य एसआईआर कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम रेवाड़ी दलबीर सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली विजय कुमार यादव, आम आदमी पार्टी से एससी अग्रवाल व भाजपा से सत्यपाल धूपिया मौजूद रहे।