रेवाड़ी। नगर परिषद रेवाड़ी के नवनिर्वाचित चेयरपर्सन और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 1 जून को 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी ने बताया कि समारोह में भाजपा की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन विनीता पीपल (46) तथा सभी वार्ड पार्षद पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। विनीता पीपल इससे पहले 2016 में चेयरपर्सन बनीं थीं। उनको दोबारा चेयरपर्सन बनने का मौका मिला है। केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने दायित्वों का विधिवत निर्वहन शुरू करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित चेयरपर्सन व पार्षद शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अपने संकल्प को दोहराएंगे। शहरवासियों को उम्मीद है कि नई परिषद रेवाड़ी के विकास को नई गति देने का कार्य करेगी।
21 हजार 455 मतों से किया था पराजित
विनीता पीपल ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार निहारिका चौधरी को 21 हजार 455 मतों से पराजित किया था। विनीता पीपल को 44 हजार 521 वोट मिले जबकि निहारिका को 23 हजार 66 मत मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. मीनू डहीनवाल को 3 हजार 103 वोट प्राप्त हुए। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी आशा को 1 हजार 851 मत मिले। इसके अलावा दीपिका पवार को 948 तथा शकुंतला भांडोरिया को 552 वोट प्राप्त हुए। चुनाव में 1 हजार 49 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुनते हुए किसी भी उम्मीदवार को पसंद नहीं किया। भाजपा की टिकट से 12 पार्षद चुनाव जीते थे, उसके बाद 10 निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। कुल 32 वार्डों के लिए चुनाव हुआ था।