रेवाड़ी। नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस की टीम ने शनिवार को गांव दुलेड़ा खुर्द और नंगली परसापुर में ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। पुलिस टीम ने युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शिक्षा और खेल पर ध्यान देने की अपील की।
टीम ने ग्रामीणों को नशा न करने की शपथ दिलाई और युवाओं को खेलों व शिक्षा की ओर प्रेरित किया। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि नशा एक ऐसी बुराई है जो व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार का जीवन प्रभावित कर देती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पुलिस के इस अभियान से कई युवा शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर अग्रसर हुए हैं, वहीं नशे के आदी युवकों को उपचार और काउंसलिंग के माध्यम से समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति को नशे के सेवन, बिक्री या सप्लाई संबंधी कोई जानकारी हो तो वह मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 या डायल 112 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।