खरखड़ा में फुट ओवरब्रिज के पास नहीं है कट। स्रोत : ग्रामीण
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव खरखड़ा के समीप बने फुट ओवरब्रिज के पास एनएचएआई की तरफ से बनाई गई कंक्रीट की दीवार ग्रामीणों के लिए परेशानी बन गई है। दीवार के निर्माण के दौरान गांव की ओर आवागमन के लिए कोई कट न छोड़े जाने से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और राहगीरों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सवारी वाहनों से उतरने के बाद लोगों को हाईवे से सर्विस रोड की ओर जाने के लिए ऊंची कंक्रीट दीवार को पार करना पड़ रहा है जो न केवल असुविधाजनक बल्कि जानलेवा भी है।
विशेष रूप से बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बड़ी आफत बन चुकी है। दीवार अधिक ऊंची होने के कारण कई बुजुर्ग इसे पार नहीं कर पा रहे हैं।
-
कट न छोड़ा जाना विभागीय लापरवाही
इस समस्या को लेकर गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र भेजकर फुट ओवरब्रिज के दोनों ओर सुरक्षित कट व रैंप खुलवाने का अनुरोध किया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इसी स्थान पर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था लेकिन उसके बावजूद दोनों ओर कट न छोड़ा जाना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। गांव में स्थित शिक्षण संस्थानों द्वारा भी पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
भविष्य में दुर्घटना की है संभावना
ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या केवल असुविधा की नहीं बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ी हुई है। यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया और भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए फुट ओवरब्रिज के दोनों ओर तुरंत सुरक्षित कट या रैंप का निर्माण कराया जाए ताकि गांव खरखड़ा के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।