रेवाड़ी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में खोरी गांव के रहने वाले एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले में परिजन व ग्रामीण मंगलवार को मॉडल टाउन थाने के सामने धरने पर बैठ गए। ग्रामीण शिकायत के बाद भी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार से भी मुलाकात की। शाम को ग्रामीणों ने स्वयं ही धरना खत्म कर दिया।
जिले के गांव खोरी के रहने वाले 43 वर्षीय अशोक कुमार तीन अगस्त को पथरी का ऑपरेशन कराने के लिए गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे। रात को ही उनका ऑपरेशन हो गया था। परिजनों ने बताया कि रात को अशोक कुमार की तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने स्टाफ से डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा, लेकिन रात को आग्रह के बावजूद डॉक्टर मरीज की जांच करने के लिए नहीं आए और उनकी मृत्यु हो गई थी। ग्रामीणों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा जमकर हंगामा किया था। उस दिन पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था और परिजनों की तरफ से चिकित्सक के खिलाफ शिकायत भी नहीं दी गई थी। हालांकि अगले दिन पांच अगस्त को परिजन थाने पहुंचे थे और उन्होंने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी।
मृतक अशोक के परिजन व ग्रामीण मंगलवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार से भी मिले। एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। दोपहर बाद ग्रामीण मॉडल टाउन थाने के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना है कि अशोक की मृत्यु चिकित्सक की लापरवाही के कारण हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। शाम को ग्रामीण धरने से उठ गए। बुधवार को दक्षिण रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण से मुलाकात करेंगे।