रेवाड़ी। गांव मालपुरा में आयोजित जिला प्रशासन के रात्रि ठहराव कार्यक्रम में एडीसी राहुल मोदी और पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि दूषित पेयजल से बीमारी का खतरा बना हुआ है। इस पर एडीसी ने जांच कर समस्या को दूर करने का निर्देश दिया।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने एडीसी को बताया कि धारूहेड़ा फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर रात में डंपरों का जाम लगा रहता है जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है।
डीएसपी रविंद्र सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यहां यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए एक पीसीआर को नियुक्त कर दिया जाएगा।
ग्रामीण परमानंद ने बताया कि दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या के कारण यहां लोगों के बीमार होने का खतरा बना हुआ है। एडीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता वीपी चौहान को पानी की जांच करवाने और समस्या का स्थाई रूप से समाधान करने के निर्देश दिए।
वृद्धा अनारो देवी ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन शुरू करवाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि यह महिला गरीब है और कैंसर की सर्जरी करवा चुकी हैं।
एडीसी ने महिला का क्रोनिकल डिजीज का सर्टिफिकेट बनवाने, कैंसर के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलवाने और पेंशन बनवाने के निर्देश दिए।
उमेश कुमार ने शिकायत की कि उनके घर के ऊपर से 11 हजार की वोल्टेज तार गुजर रहा है जिनसे हादसा हो सकता है। एडीसी ने बिजली वितरण निगम के कर्मचारियों को तार हटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर एडीसी ने ग्राम पंचायत के प्रस्ताव भेजने पर एक लाइब्रेरी बनवाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एचपी बंसल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक अमित पवार, रोडवेज जीएम निरंजन शर्मा, एलडीएम राजीव रंजन, सरपंच मलखान सिंह, डा. राजेश रावत मौजूद रहे।
प्राइवेट स्कूल दो बच्चों की टीसी नहीं दे रहा : अवनेश
अवनेश कुमार ने बताया कि एक प्राइवेट स्कूल दो बच्चों की टीसी नहीं दे रहा है जबकि फीस पूरी भरी जा चुकी है। एडीसी ने शिक्षा विभाग के अधिकारी को मामले की छानबीन करवाने के निर्देश दिए। सत्यवीर ने गांव में दूषित जलभराव की समस्या से अवगत करवाया। एडीसी ने कहा कि इस बारे में ग्राम पंचायत एक प्रस्ताव पारित कर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को दें। गांव में नई सीवरेज की लाइन डलवा दी जाएगी।
-
बच्चों को खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें : एसपी
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे पुलिस विभाग की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करें। बच्चों को खेल व रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें और अपने आसपास की संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें। डीएसपी रविंद्र सिंह ने कहा कि मोबाइल फोन पर इंटरनेट यूजर्स को साइबर क्राइम से सावधान रहना चाहिए।