ग्रामीणों को सम्मान देते लोग। स्रोत : संगठन
रेवाड़ी। रामपुर भगवानपुर में 200 बेड के अस्पताल का निर्माण करने की मांग को लेकर लंबे समय तक चले आंदोलन में सहयोग के लिए ग्रामीणों समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया। ऑल इंडिया केकेएमएस के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रामकुमार नीमोठ, अमर सिंह राजपुरा और राकेश सुनारिया के नेतृत्व में पहुंचकर ग्रामीणों का आभार जताया।
सम्मान समारोह में बुजुर्गों को पगड़ी और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। एम्स संघर्ष समिति के अध्यक्ष बाबू कैलाश चंद्र और रामकुमार ने रामगढ़ भगवानपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष राव रामेश्वर सिंह और अभय सिंह को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
भगवानपुर की सरपंच कृष्णा देवी और धरने में लगातार शामिल रहने वाली बुजुर्ग माता बसंती देवी को तारा देवी व कृष्णा देवी ने शॉल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान ग्रामीणों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया।
किसान संगठन की ओर से सरपंच प्रतिनिधि अनिल कुमार को दोनों गांवों की एकता का प्रतीक स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि 320 दिन चले आंदोलन में 94 गांवों के 42 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। रामगढ़-भगवानपुर के लोगों ने आंदोलन के दौरान बाहर से आने वाले नागरिकों का दिल से स्वागत किया, जिससे दोनों गांवों ने समाज में विशेष सम्मान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन से क्षेत्र में जो भाईचारा और एकता बनी है, उसे आगे भी कायम रखना जरूरी है। समारोह का संचालन शेर सिंह मीरपुर ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं मौजूद रहीं।